बसना(जीतयादव)।शासकीय हाई स्कूल बड़ेटेमरी में प्राथमिक शालाओं के शिक्षकों के लिए FLN (पढ़ना, लिखना और गिनती) पर आधारित नवीन पाठ्यपुस्तक प्रशिक्षण का पाँच दिवसीय ऐतिहासिक कार्यक्रम उत्साह और सकारात्मक वातावरण के साथ संपन्न हुआ। यह प्रशिक्षण निपुण भारत मिशन के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य नई पाठ्यपुस्तकों को कक्षा शिक्षण में प्रभावी ढंग से लागू करना रहा।
भाषा और गणित की बुनियादी समझ पर रहा फोकस
FLN प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को भाषा और गणित की मूल अवधारणाओं पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया। भाषा शिक्षण में सुनना, बोलना, पढ़ना और लिखना जैसे चारों कौशलों को केंद्र में रखते हुए गतिविधि आधारित शिक्षण कराया गया। शिक्षकों ने समूहों में मिलकर पाठ योजना बनाई, पाठ प्रस्तुतिकरण किया और आपसी अनुभव साझा किए।

कहानी, कविता, गीत, नाटक, खेल और स्थानीय परिवेश से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सहज और आनंदपूर्ण तरीके से पढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई। प्रशिक्षण में बालक-केंद्रित शिक्षण, सतत मूल्यांकन और कम संसाधनों में प्रभावी पढ़ाई जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
अधिकारियों ने किया प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण
FLN प्रशिक्षण के दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक, बसना ने प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए अनुशासन, नियमित उपस्थिति और सीख को व्यवहार में लाने पर विशेष जोर दिया।
विशेष गतिविधि मेला बना आकर्षण का केंद्र
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों द्वारा एक विशेष गतिविधि मेला भी आयोजित किया गया। मेले में खरीद-बिक्री गतिविधि, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। इस आयोजन से शिक्षकों में रचनात्मकता, सहभागिता, सामाजिक समझ और आत्मविश्वास का विकास हुआ और प्रशिक्षण यादगार बन गया।
मास्टर ट्रेनर्स की भूमिका रही प्रेरणादायक
FLN के इस पाँच दिवसीय प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर श्री वारिस कुमार, श्री गजेंद्र नायक एवं श्री टुकेश्वर साहू की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। उन्होंने प्रशिक्षण को सरल, सहज और व्यवहारिक ढंग से प्रस्तुत किया। मास्टर ट्रेनर्स ने भाषा के चारों कौशलों को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखते हुए खेल, कहानी, गीत और गतिविधियों के माध्यम से यह बताया कि बच्चे कैसे आनंद के साथ सीखते हैं।
प्रत्येक समूह को समान समय देकर मार्गदर्शन, शंका समाधान और खुलकर विचार रखने का अवसर दिया गया। पाठ प्रस्तुतीकरण के बाद दिए गए सकारात्मक सुझावों से शिक्षकों में आत्मविश्वास बढ़ा। मास्टर ट्रेनर्स ने स्कूलों की जमीनी परिस्थितियों से जोड़कर FLN के उद्देश्यों को समझाया और कम संसाधनों में प्रभावी शिक्षण के उपाय बताए।
शिक्षकों ने व्यक्त किया आभार
FLN प्रशिक्षण के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों ने प्रशिक्षण प्रबंधन प्रभारी एवं मास्टर ट्रेनर्स के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री वारिस कुमार, श्री गजेंद्र नायक एवं श्री टुकेश्वर साहू के कुशल प्रबंधन, समयबद्ध योजना और बेहतर समन्वय से प्रशिक्षण अनुशासित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
नई शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षण की दिशा में कदम
यह FLN आधारित प्रशिक्षण शिक्षकों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि अपने-अपने विद्यालयों में नवाचार और बेहतर शिक्षण के लिए प्रेरणादायक भी साबित हुआ। NEP-2020 और NCF-FS-2022 के अनुरूप इस प्रशिक्षण से सभी बच्चों में अक्षर ज्ञान और अंक ज्ञान को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





