महासमुंद(जीत यादव)।प्रदेश के किसान आज गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। धान खरीदी की लिमिट तय किए जाने, खरीदी की समय-सीमा, टोकन व्यवस्था में खामियों तथा खरीदी केंद्रों पर फैली अव्यवस्था के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उक्त बातें जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने कही।
किसान की धान खरीदी की लिमिट और टोकन व्यवस्था से बढ़ी परेशानी
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि सरकार द्वारा बनाई गई वर्तमान धान खरीदी व्यवस्था किसानों के हितों के अनुरूप नहीं है। टोकन मिलने में देरी, केंद्रों पर घंटों लाइन में खड़े रहने की मजबूरी और समय पर धान की खरीदी नहीं होने से किसानों का आर्थिक और मानसिक शोषण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की वास्तविक समस्याओं की अनदेखी कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और उसे इस तरह परेशान करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। धान खरीदी की लिमिट बढ़ाई जाए, खरीदी की अवधि में विस्तार किया जाए और केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं, ताकि किसानों को राहत मिल सके।

मोक्ष कुमार प्रधान ने सरकार से मांग की कि किसानों की समस्याओं का शीघ्र और स्थायी समाधान निकाला जाए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे स्वयं किसानों के साथ खड़े होकर उनके हक की लड़ाई लड़ेंगे और हर संभव स्तर पर उनकी समस्याओं को उठाएंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आवश्यकता पड़ी तो किसानों के अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए मुख्यमंत्री से सीधे अनुरोध किया जाएगा। मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा, “किसान अन्नदाता है और अन्नदाता के साथ किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान खुशहाल होगा तभी प्रदेश खुशहाल होगा।”


