सरायपाली (जीत यादव) :- शासकीय प्राथमिक शाला सिरशोभा द्वारा विद्यार्थियों को एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस भ्रमण में शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण, शिक्षकगण और विद्यार्थी मिलाकर कुल 60 प्रतिभागी शामिल हुए।

भ्रमण के प्रथम चरण में विद्यार्थी चंद्रहासिनी मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने मंदिर के इतिहास, स्थापत्य शैली और धार्मिक महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मंदिर परिसर का शांत वातावरण और प्राकृतिक सुंदरता बच्चों के लिए एक नया आध्यात्मिक अनुभव लेकर आया।

इसके बाद दूसरे चरण में विद्यार्थियों ने नाथल दाई मंदिर का अवलोकन किया। यहाँ उन्होंने स्थानीय लोकमान्यता, सांस्कृतिक परंपराओं और आसपास की ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में जाना। इस दौरान बच्चों ने तीन नदियों—महानदी, लांत नदी और मांड नदी—के संगम स्थल का भी निरीक्षण किया और नदियों के महत्व को समझा। साथ ही विद्यार्थियों ने महानदी में नौका विहार का रोमांचक अनुभव भी लिया, जिससे वे अत्यंत उत्साहित रहे।

भ्रमण के दौरान बच्चों ने अनुशासन, उत्साह और सीखने की जिज्ञासा का उत्कृष्ट परिचय दिया। प्रधान पाठक दुर्वादल दीप एवं सहायक शिक्षक राजकुमार भोई ने विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, सांस्कृतिक समझ और व्यवहारिक सीख का महत्वपूर्ण माध्यम साबित हुआ।
इस कार्यक्रम में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति की अध्यक्ष अनीता भोई, उपाध्यक्ष सरस्वती चौहान, सरपंच ताराबाई चौहान, सरपंच प्रतिनिधि मनमोहन चौहान, समिति के सदस्य प्रतिमा विश्वकर्मा, सुरेंद्री भोई, विलासिनी चौहान, उर्मिला भोई, पदमा यादव, सहित कई ग्रामीण, पालक, मली बाई, किया बाई, राधा बरिहा, नीला नायक, नीला निषाद, रेशम लाल भोई, अभिमन्यु निषाद, अहिल्या यादव, मेघनाथ बरिहा, फूल कुंवर, राज मोती, बबीता भोई, संध्या बरिहा, बबीता दीप, वर्षा दीप, भूतपूर्व विद्यार्थी एवं बच्चे उपस्थित रहे।शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



