महासमुंद(जीतयादव)। महासमुंद पुलिस की एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध सिरप-टैबलेट की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उड़ीसा से बिलासपुर ले जाए जा रहे नशीले कफ सिरप और प्रतिबंधित टैबलेट के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नशीले सिरप, टैबलेट, स्कूटी और मोबाइल सहित कुल 52,491 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई, सिरप-टैबलेट के साथ 52 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी से उड़ीसा की ओर से अवैध मादक पदार्थ लेकर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित ग्राम रेहटीखोल के पास घेराबंदी कर स्कूटी क्रमांक CG 07 CP 9850 को रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम शिवम दास उर्फ सोनू (32 वर्ष) तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने संतोष सिंह (38 वर्ष), दोनों निवासी बिलासपुर, बताया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से 10 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप (1000 एमएल) और स्पास्मो-प्रॉक्सीवॉन प्लस की 40 टैबलेट बरामद हुई।
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे यह नशीले पदार्थ उड़ीसा से बिलासपुर स्वयं के उपयोग के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों से 10 बोतल नशीला कफ सिरप, 40 प्रतिबंधित टैबलेट, दो मोबाइल फोन तथा एक स्कूटी जब्त की। महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा।


