महासमुंद।महासमुंद से रायपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर बेलसोंडा के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। डिप्टी कलेक्टर के पायलटिंग वाहन की चपेट में आने से एक मवेशी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सड़क पार कर रहे लोग किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा का काफिला सुबह करीब 9:30 बजे रायपुर से महासमुंद की ओर आ रहा था। इसी दौरान पायलटिंग वाहन CG 04 PR 3303 एवं काफिले में शामिल CG 03/6209 बीपी स्कॉर्पियो ने सड़क पर अचानक आए मवेशी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के सामने का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह काफिला प्रतिदिन सुबह लगभग 10 बजे और शाम 6 बजे के आसपास तेज रफ्तार में इस मार्ग से गुजरता है, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बेलसोंडा क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं।
जनपद उपाध्यक्ष ने कलेक्टर को लिखा पत्र
घटना के बाद जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चन्द्राकर ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने जिला कलेक्टर महासमुंद को पत्र लिखकर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता जताई है।
पत्र में उन्होंने
खराब और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल चालू कराने,
नीचे गिरी लाइटों के स्थान पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने,
सड़क किनारे पेड़ों की डालियों की छंटाई,
तेज रफ्तार पर रोक लगाने के लिए स्पीड साइनेज, स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।





