महासमुंद(जीतयादव)।जिला महासमुंद पुलिस द्वारा आम नागरिकों को साइबर अपराध, नशा मुक्ति, महिला संबंधी अपराधों से बचाव एवं अभिव्यक्ति ऐप के प्रति जागरूक करने हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना पटेवा अंतर्गत ग्राम झलप में पुलिस टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को साइबर अपराधों जैसे साइबर स्टाकिंग, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन, फेक ट्रेडिंग एप, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी एवं एपीके फाइल लिंक से होने वाले अपराधों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत एवं संवेदनशील जानकारी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने तथा टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखने की सलाह दी।

पुलिस द्वारा बताया गया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट को बिना सत्यापन स्वीकार न करें। साथ ही साइबर बुलिंग, साइबर स्टाकिंग या फर्जी प्रोफाइल दिखने पर तत्काल संबंधित प्लेटफॉर्म एवं पुलिस को रिपोर्ट करने की अपील की गई। बिना सत्यता जांचे किसी भी प्रकार के भ्रामक मैसेज या पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा न करने के लिए भी जागरूक किया गया।
ग्रामीणों को साइबर अपराध अभिव्यक्ति ऐप, साइबर हेल्पलाइन 1930 व डायल 112 की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में ग्रामीणों को यह भी जानकारी दी गई कि यदि किसी प्रकार का ऑनलाइन फ्रॉड होता है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें अथवा अपने नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल में संपर्क करें।

इसके साथ ही नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं अभिव्यक्ति ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी गई, जिससे महिलाएं अपनी सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें।

पुलिस टीम द्वारा ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में गौवंश तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाना को देने की अपील की गई। साथ ही डायल 112 की उपयोगिता के बारे में जानकारी साझा की गई।इस जागरूकता अभियान से ग्राम झलप के लगभग 40 से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हुए। ग्रामीणों ने महासमुंद पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।



