महासमुंद(जीतयादव)। जिले में आम जनता को Cyber अपराध, ऑनलाइन ठगी और सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महासमुंद पुलिस द्वारा “नवा बिहान” जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस टीम हाट-बाजार, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, बैंक और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, नशा मुक्ति और गौ तस्करी रोकथाम के संबंध में जानकारी दे रही है।
Cyber अपराध, ऑनलाइन ठगी, नशा मुक्ति और सोशल मीडिया सुरक्षा को लेकर गांव-गांव पहुंच रही पुलिस।
पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में अब तक 1500 से अधिक लोग शामिल होकर लाभान्वित हो चुके हैं। अभियान के दौरान लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड, फेक ट्रेडिंग ऐप, सेक्सटॉर्शन, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर ठगी करने वाले अपराधियों से सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। साथ ही अनजान नंबरों से आने वाले APK फाइल लिंक को ओपन नहीं करने की अपील भी की गई।
महासमुंद पुलिस ने लोगों को सोशल मीडिया पर निजी और संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने, मजबूत पासवर्ड रखने और अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन ऑन रखने से अकाउंट हैक होने का खतरा कम होता है।
अभियान के तहत ग्राम बल्दीडीह, सांकरा, छुईपाली बाजार, सिंघोड़ा, द्वारतलाकला, पिथौरा लाखागढ़ चौक और भंवरपुर समेत कई क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों को महिला संबंधी अपराध, यातायात सुरक्षा और Cyber हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।
पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार की Cyber ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इसके अलावा आपात स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करने की अपील भी की गई।
महासमुंद पुलिस ने “संवाद” नाम से शिकायत हेल्प डेस्क भी शुरू किया है। इसका व्हाट्सएप नंबर 9479229939 जारी किया गया है, जहां लोग संदिग्ध या अवैध गतिविधियों की सूचना दे सकते हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



