सराईपाली साहू संघ की तहसील महिला उपाध्यक्ष शांति साहू ने बाल दिवस पर बच्चों को कॉपी-किताब एवं खिलौने वितरित कर बढ़ाया उत्साह
बसना (जीत यादव) – देशभर में हर वर्ष 14 नवंबर को प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर बाल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है। इसी क्रम में श्री राधाकृष्ण इंग्लिश मीडियम स्कूल, बेहरापाली में शुक्रवार को विशेष कार्यक्रम के साथ बाल दिवस समारोह आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 215 छात्र-छात्राएँ शामिल हुए।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। छात्रों ने नृत्य, गीत एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिताओं के पश्चात पुरस्कार वितरण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सराईपाली तहसील साहू संघ की महिला उपाध्यक्ष, डूडुमचुआँ ग्राम पंचायत की पूर्व सरपंच एवं सराईपाली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष
श्रीमती शांति भगवानो साहू बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों को कॉपी, किताब, पेन एवं खिलौने वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने उद्बोधन में उन्होंने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल बच्चों का त्योहार नहीं, बल्कि बचपन, सृजनशीलता, नैतिक विकास और उज्ज्वल भविष्य की प्रेरणा का महापर्व है। उन्होंने पंडित नेहरू के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “बच्चे देश का भविष्य हैं, उन्हें सुरक्षित, प्रेरणादायक और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना हमारा सामाजिक दायित्व है।”
उन्होंने छात्रों को समाजसेवा, अनुशासन, शिक्षा, संवेदनशीलता एवं मानवता के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों की सहायता करना, खिलौने-कपड़े दान करना, तथा अनाथालय में समय व्यतीत करना जैसे कार्य बच्चों में करुणा और सहानुभूति विकसित करते हैं।

कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक विजय चतुर्वेदी द्वारा किया गया तथा रमेश सिदार ने पुरस्कार एवं सामग्री वितरण में सहयोग दिया। कार्यक्रम की सफलता पर बीईओ बद्री विशाल जोल्हे, एबीईओ लोकेश्वर कंवर, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक अनिल सिंह साव, नोडल प्राचार्य उत्तर कुमार चौधरी एवं विद्यालय परिवार ने बधाई दी।




