शासकीय विद्यालय बिजातीपाली एवं भुथिया में बाल दिवस पर नेवता भोज का आयोजन
सरायपाली (जीत यादव) – बाल दिवस के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला बिजातीपाली और शासकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला भुथिया में नेवता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी टी.सी. पटेल और बीआरसीसी देवानंद नायक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

बिजातीपाली में मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संजुला चौहान एवं उनके परिवार द्वारा स्नेहपूर्वक बच्चों को दाल, चावल, टमाटर सब्जी, फूटू (मशरूम), सलाद एवं पापड़ का स्वादिष्ट भोजन परोसा गया। बच्चों ने खुशी व्यक्त की और उत्सव का भरपूर आनंद लिया। प्रधान पाठक प्रेमशीला पटेल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यालय–समुदाय संबंधों को मजबूत करते हैं तथा भावनात्मक और सामाजिक विकास में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर शिक्षक निर्मल कुमार मेहेर एवं अन्य विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।

इसी प्रकार भुथिया शाला में भी नेवता भोज आयोजित किया गया, जहाँ शिक्षक सुबोध धराई ने अपनी सुपुत्री बिंदिया धराई का जन्मदिन केक काटकर मनाया और बच्चों के साथ भोजन का वितरण किया। भोज में चावल, दाल, पनीर सब्जी, चटनी और पापड़ शामिल थे।
विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया और बाल दिवस की शुभकामनाएँ दीं।




