बसना(जीतयादव)। बसना क्षेत्र में गुरुवार को आध्यात्मिक उत्साह से भरपूर वातावरण देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत 29 श्रद्धालु पावन अयोध्या धाम के दर्शन हेतु रवाना हुए। श्रद्धालुओं के चेहरों पर भक्ति, आस्था और उल्लास की स्पष्ट झलक दिखाई दी।
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
इस अवसर पर बसना भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री नरेन्द्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थ यात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की यह संवेदनशील पहल प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है। यह योजना लोगों को आत्मिक शांति, आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल है।

श्री यादव ने कहा कि अयोध्या धाम का दर्शन हर भारतीय के लिए भावनात्मक और पवित्र अनुभव होता है। उन्होंने यात्रियों से प्रभु श्रीराम से प्रदेश की शांति, सौहार्द और समृद्धि के लिए आशीर्वाद की कामना करने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत बसना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री पियूष ठाकुर, मंडल कोषाध्यक्ष श्री अमृत चौधरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मिलाब निराला एवं श्री राकेश भारती भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएँ देते हुए यात्रा को सफल, सुरक्षित और मंगलमय होने की कामना की।

इस दौरान ग्रामवासियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उन्हें शुभ यात्रा की बधाई दी। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धा, सामाजिक एकता और उत्साह का आकर्षक माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनपद सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को सशक्त करने वाली एक सराहनीय और प्रभावी पहल बताया।



