ग्राम संतपाली में विधायक चातुरी नंद ने किया नवीन हाट बाजार का शुभारंभ, बोले — “ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई दिशा”
सरायपाली। सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम संतपाली में आज नवीन हाट बाजार का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चातुरी नंद ने फीता काटकर बाजार का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नंद ने कहा कि —
“नवीन हाट बाजार का निर्माण ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। यह बाजार स्थानीय किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों के लिए आजीविका का स्थायी साधन बनेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि का माहौल बनेगा। विधायक ने बताया कि यह हाट बाजार केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि गांव की सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे ग्रामीण जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
विधायक नंद ने कहा कि —
“यह पहल छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का साकार उदाहरण है, जो गांव-गांव में विकास की नई राह खोल रही हैं।”

उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों को इस प्रयास के लिए बधाई दी और कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण अंचलों में सुविधाओं का विस्तार और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, महिला समूहों और व्यापारियों की उपस्थिति में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा।


