रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से प्रतीक्षित पुलिस आरक्षक भर्ती प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पुलिस मुख्यालय रायपुर ने ट्रेड टेस्ट परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 17 से 19 नवंबर 2025 तक राज्य के 8 जिलों — रायपुर, धमतरी, दुर्ग, खैरागढ़, बिलासपुर, रायगढ़, अम्बिकापुर और कोण्डागांव — में आयोजित की जाएगी।
इस भर्ती के तहत आरक्षक (चालक) और आरक्षक (ट्रेडमेन) के पदों के लिए उम्मीदवार अपनी योग्यता और व्यावहारिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे। पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर समय पर उपस्थित होने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रेड टेस्ट क्या है?
ट्रेड टेस्ट एक व्यावहारिक परीक्षा है, जिसमें उम्मीदवार को अपने ट्रेड से संबंधित कार्यों का प्रदर्शन करना होता है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अभ्यर्थी के पास संबंधित पद के लिए आवश्यक दक्षता, सुरक्षा ज्ञान और कौशल मौजूद है।
5967 पदों पर होगी भर्ती
जानकारी के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 5967 पदों पर नियुक्ति की जानी है। हालांकि प्रक्रिया के दौरान पदों की संख्या में कुछ परिवर्तन संभव है।
इस भर्ती के लिए विज्ञापन 4 अक्टूबर 2023 को जारी किया गया था, लेकिन तकनीकी कारणों और आवेदन प्रक्रिया में विलंब के चलते यह परीक्षा अब जाकर आयोजित हो रही है।
परिणाम पोर्टल पर होंगे जारी
छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, भर्ती परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी और समय-सारणी उम्मीदवार अपने रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
सफल अभ्यर्थियों की सूची आधिकारिक पोर्टल पर प्रकाशित की जाएगी।


