महासमुंद। नगर के वार्ड क्रमांक 4 में नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वार्ड पार्षद राहुल आवडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं मोहल्लेवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।बताया गया कि एक दिन पहले ही वार्ड 3 और 4 के नागरिकों ने संयुक्त रूप से पालिकाध्यक्ष निखिलकांत साहू से भेंट कर अपने क्षेत्रों में सड़क और नाली निर्माण की समस्या रखी थी। जनता की मांग को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष साहू ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 4 के संजय गिरी के घर से लेकर अंगद पटेल के घर तक नाली निर्माण कार्य के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष साहू ने कहा कि नगर पालिका का प्रथम दायित्व नागरिकों को मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना है और शहर के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं।
वार्ड पार्षद राहुल आवडे ने कहा कि अध्यक्ष निखिलकांत साहू के नेतृत्व में नगर के सभी वार्डों में सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। वार्ड 4 में नाली निर्माण शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और जल निकासी की समस्या दूर होगी। कार्यक्रम में सभापति जय देवांगन, ज्योति रिंकू चंद्राकर, जितेंद्र ध्रुव, पार्षद मुस्ताक ख़ान, सुनैना पप्पू ठाकुर, धनेन्द्र चंद्राकर, नीरज चंद्राकर, सीता टोनडेकर सहित मोहल्ले के अनेक नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण रहा।



