सरायपाली(जीतयादव)। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सरायपाली अंचल की छात्रा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में केदुवां स्कूल की छात्रा ने तहसील स्तर पर हासिल की सफलता।
वीणा साहू, जो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केदुवां में कक्षा आठवीं की छात्रा हैं, ने तहसील स्तर पर आयोजित परीक्षा की प्रवीण्य सूची में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वीणा साहू, ग्राम बिजातीपाली निवासी दुर्गा प्रसाद साहू की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे सरायपाली क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
![]()
इस उपलब्धि के लिए गायत्री शक्तिपीठ सरायपाली में आयोजित तहसील स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में वीणा साहू को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने छात्रा की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
![]()
उल्लेखनीय है कि भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में इसी वर्ष वीणा साहू की बड़ी बहन अनुपमा साहू, जो कक्षा 10वीं की छात्रा हैं, ने भी इसी परीक्षा में जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया है। एक ही परिवार की दो बहनों की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता के साथ विद्यालय के प्राचार्य अरुण कुमार भोई और समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


