बसना(जीतयादव)। ग्राम जोगीदादर में इन दिनों आयोजित श्रीमद भागवत कथा में बसना विधानसभा के जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान शामिल हुए। उन्होंने कथा स्थल पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की कथा का श्रवण किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उनके आगमन पर आयोजकों एवं ग्रामवासियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से आत्मीय स्वागत किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक भव्य हो गया।
श्रीमद भागवत कथा श्रवण कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना, बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद।
कथा स्थल पर मोक्ष कुमार प्रधान ने व्यासपीठ पर विराजमान कथा वाचक से आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्ति रस में डूबकर कथा का आनंद लिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि श्रीमद भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को सत्य, धर्म, प्रेम और करुणा का संदेश देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को आपसी भाईचारे के साथ जोड़ते हैं।

उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे भारतीय संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं। वर्तमान समय की चुनौतियों के बीच ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं की सक्रिय सहभागिता ने आयोजन को और भी सफल बनाया। आयोजकों ने बताया कि कथा के समापन तक प्रतिदिन भजन-कीर्तन, प्रसादी वितरण एवं विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।



