बसना(जीतयादव)। पिथौरा विकासखंड के भगतदेवरी में पिछले तीन महीनों से स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण मुख्य सड़क पर अंधेरा पसरा हुआ है। सल्डीह रोड पर लगे कई लाइट पोल फ्यूज पड़े हैं, जिससे शाम ढलते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण सल्डीह रोड पर बढ़ा हादसों का खतरा, शिकायत के बाद भी PWD विभाग नहीं कर रहा सुधार।
ग्रामीणों के अनुसार “किरण डेली नीड्स”, सरस्वती शिशु मंदिर और “महाराज कृषि सेवा केंद्र” के सामने लगे स्ट्रीट लाइट लंबे समय से बंद हैं। इस मार्ग से दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही होती है, ऐसे में अंधेरे के कारण दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई बार PWD विभाग को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है, पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि स्ट्रीट लाइट के रखरखाव के लिए बजट होने के बावजूद मरम्मत कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। इससे न केवल राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है, बल्कि असामाजिक गतिविधियों का खतरा भी बढ़ गया है।

लगातार अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लाइट व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो वे कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत करेंगे और जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी करेंगे।



