महासमुंद(जीतयादव)।ग्राम पंचायत बेमचा की बेटी लक्ष्मी चंद्राकर ने बॉल बैडमिंटन खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। बॉल बैडमिंटन महासंघ एशिया के तत्वावधान में आयोजित इनडो–नेपाल टेस्ट सीरीज (पुरुष एवं महिला वर्ग) प्रतियोगिता का आयोजन 1 से 5 जनवरी 2026 तक बीरगंज, काठमांडू एवं बीराटनगर (नेपाल) में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ से कुल तीन खिलाड़ियों का चयन भारतीय टीम में हुआ है।

पुरुष वर्ग में कुणाल साहू (भिलाई) एवं नरेंद्र कुमार (कुरूद, परखंदा–धमतरी) का चयन किया गया है, जबकि महिला वर्ग में लक्ष्मी चंद्राकर (ग्राम पंचायत बेमचा, जिला महासमुंद) को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

लक्ष्मी चंद्राकर, पिता नरेश चंद्राकर एवं माता सरोजनी चंद्राकर की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक खेल तैयारी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा के खेल मैदान में की। प्रारंभिक प्रशिक्षण उन्हें व्यायाम शिक्षक डॉ. सेवन दास मानिकपुरी एवं प्रदेश बॉल बैडमिंटन सह सचिव अंकित लूनिया के मार्गदर्शन में प्राप्त हुआ।
बेमचा ग्रामीण अंचल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक बनाई पहचान
लक्ष्मी चंद्राकर इससे पूर्व कई राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय एवं विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। वर्तमान में वे मिनी स्टेडियम महासमुंद एवं चेन्नई में नियमित अभ्यास कर रही हैं। लगातार मेहनत और अनुशासन के चलते उनका चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए संभव हो सका।

लक्ष्मी चंद्राकर के चयन पर छत्तीसगढ़ बॉल बैडमिंटन संघ के कार्यकारी अध्यक्ष इसरार अहमद खान, कोषाध्यक्ष श्यामल बनर्जी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, प्रदेश सह सचिव एवं जिला सचिव अंकित लूनिया, डॉ. सेवन दास मानिकपुरी, चंद्राकर समाज के पदाधिकारी, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा के स्टाफ, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर लक्ष्मी चंद्राकर ने यह साबित किया है कि लगन, परिश्रम और उचित मार्गदर्शन से ग्रामीण प्रतिभाएं भी वैश्विक मंच तक पहुंच सकती हैं।


