बसना(जीतयादव)। महासमुंद पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बसना पुलिस ने अवैध शराब के ठिकानों पर रेड कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 64.980 लीटर अवैध अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 42 हजार 320 रुपये बताई जा रही है।
विशेष अभियान के तहत अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद।
पुलिस के अनुसार 7 मई 2026 को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी राजा बंजारा निवासी चनौरडीह (भालुपतेरा) थाना बसना को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से पांच प्लास्टिक बोरियों में रखी 336 पौवा जीप्सी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 60.480 लीटर अंग्रेजी शराब की कीमत 40 हजार 320 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 25 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 4.500 लीटर कीमत 2 हजार रुपये की भी जब्ती की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और बसना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 6940.770 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है, जिसकी कीमत करीब 19 लाख 92 हजार 730 रुपये है। वहीं 584 प्रकरणों में 660 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।



