सरायपाली(जीतयादव)। अवैध गांजा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरायपाली पुलिस और एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा बॉर्डर पर घेराबंदी कर पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लाखों रुपए का गांजा, बाइक और मोबाइल जब्त किया गया है।
ओडिशा बॉर्डर पर गांजा तस्कर गिरफ्तार, सरायपाली पुलिस और ANTF ने 9.690 किलो गांजा किया जब्त।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ओडिशा से बाइक में मादक पदार्थ लेकर सरायपाली की ओर आ रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने ग्राम बैतारी तिराहा नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद पुलिस को मुखबिर के बताए अनुसार HF Deluxe बाइक क्रमांक CG-09 JL-5200 आती दिखाई दी, जिसे रोककर जांच की गई।
तलाशी के दौरान बाइक में रखी प्लास्टिक बोरी से 9 किलो 690 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चमन उर्फ बसंत चंद्रवंशी (24 वर्ष) निवासी मोहतराकला थाना पण्डातराई जिला कबीरधाम बताया। आरोपी ओडिशा से मादक पदार्थलाकर कवर्धा क्षेत्र में खपाने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल भी जब्त किया गया। कुल जप्त संपत्ति की कीमत करीब 4 लाख 85 हजार रुपए आंकी गई है।
महासमुंद पुलिस और ANTF के अनुसार जिले में लगातार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है।



