महासमुंद। अवैध महुआ शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पटेवा पुलिस ने ग्राम पचरी में तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी कर अवैध महुआ शराब के कारोबार का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 100 लीटर हाथ भट्टी से निर्मित महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
तीन अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दी दबिश, तालाब के पानी में छिपाकर रखा करीब 3 हजार किलो महुआ लाहन पास बरामद कर किया नष्ट।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पचरी में कुछ लोग बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब बनाकर रखे हुए हैं। सूचना पर पटेवा पुलिस ने तत्काल तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान चेतन कुर्रे के कब्जे से 35 लीटर, प्रमोद कुमार सेगर के कब्जे से 35 लीटर तथा जयशंकर मारकंडे के कब्जे से 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस को ग्राम पचरी की बीच बस्ती में स्थित तालाब के पानी के भीतर छिपाकर रखा करीब 3 हजार किलो महुआ लाहन पास भी मिला। पुलिस ने भारी मात्रा में मिले लाहन पास को तालाब से बाहर निकलवाकर मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो गंजी भी जब्त की गई हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों चेतन कुर्रे (33), प्रमोद कुमार सेगर (30) और जयशंकर मारकंडे (23), सभी निवासी ग्राम पचरी, के विरुद्ध पृथक-पृथक अपराध क्रमांक 213, 214 और 215/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


