महासमुंद। पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 170.75 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने इस मामले में उत्तर प्रदेश के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिनी ट्रक में कचरे की आड़ में 170.75 किलो गांजा छिपाकर ले जा रहे थे तस्कर, स्वीफ्ट कार से कर रहे थे फॉलो; कुल 97.03 लाख रुपये का माल जब्त।
तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए गांजा छिपाने का बेहद शातिर तरीका अपनाया था। मिनी ट्रक के डाले में ऊपर से कांच के टुकड़े और कचरा भरा गया था, जबकि उसके नीचे गांजे के पैकेट छिपाकर रखे गए थे। बाहर से देखने पर वाहन कचरे और शीशे से भरा हुआ दिखाई दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर एनएच-353 पर महाराजा ढाबा, बिरकोनी के पास घेराबंदी की गई। इसी दौरान कांच के टुकड़ों और कचरे से भरे संदिग्ध मिनी ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान कचरे के नीचे छिपाकर रखा गया 170.75 किलो गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में ट्रक चालक अंकित कुमार यादव ने गांजा तस्करी में अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मिनी ट्रक को फॉलो कर रही स्वीफ्ट कार को भी रोका। कार में सवार संतोष गुप्ता, अविनाश सिंह और श्याम प्रकाश सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक चारों ने तस्करी में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गांजा बौद्धगढ़, ओडिशा से लेकर फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश में सप्लाई करने जा रहे थे।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 170.75 किलो गांजा, एक मिनी ट्रक, एक स्वीफ्ट कार, नोकिया कीपैड मोबाइल और 3,670 रुपये नकद जब्त किए। पुलिस के अनुसार जब्त सामान की कुल कीमत करीब 97 लाख 3 हजार 970 रुपये है।
मामले में थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 481/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) में प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है।


