कोमाखान। एनएच-353 कोमाखान चौराहे पर चल रही पुलिस की चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम टेमरी स्थित काली मंदिर के पास बस का इंतजार कर रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़कर उसके बैग की तलाशी ली। बैग से 8.290 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 14 हजार 500 रुपये बताई गई है।
कोमाखान में पुलिस की कार्रवाई, ₹4.14 लाख के गांजे समेत मोबाइल जब्त; आरोपी जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को एनएच-353 कोमाखान चौराहे पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टेमरी में काली मंदिर के पास एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर बस के इंतजार में खड़ा है। सूचना पर कोमाखान पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम शिबु मुण्ड (27) निवासी बनीजरा, थाना जुनागढ़, जिला कालाहांडी, ओडिशा बताया। पुलिस ने उसके पास रखे बैग की तलाशी ली तो उसमें 8.290 किलो गांजा मिला। पुलिस ने गांजा के साथ एक मोबाइल फोन, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है, भी जब्त किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गांजा जुनागढ़, ओडिशा से खरीदकर मंडला, मध्यप्रदेश ले जाने की बात बताई। मामले में थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 131/2026, धारा 20(B)(II)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 4 लाख 24 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।


