महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो स्थानीय सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3.160 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जामपानी ओडिशा से गांजा लाकर महासमुंद में खपाने की थी तैयारी, मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत 1.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति टीवीएस स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 DZ 2188 से काले रंग के बैग में गांजा लेकर बागबाहरा से महासमुंद की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खट्टी मोड़, महासमुंद के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवारों को रोका।
तलाशी के दौरान उनके पास रखे बैग से 3.160 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है, बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गांजा ग्राम जामपानी, ओडिशा से लाकर महासमुंद और आसपास के इलाकों में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की कीमत करीब 20 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन की कीमत करीब 5 हजार रुपये सहित कुल 1 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। मामले में थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविन्द पटेल (35 वर्ष), निवासी अनवरपुर, थाना बागबाहरा और राधेश्याम दीवान (36 वर्ष), निवासी पठारीमुड़ा, थाना बागबाहरा के रूप में हुई है।
पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा खपाने की आरोपियों की योजना नाकाम हो गई। पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।


