महासमुंद। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोमाखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 37.400 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 18 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 18 लाख 95 हजार रुपये है।
कोमाखान पुलिस ने 37.400 किलो गांजा जब्त किया, ओडिशा से राजस्थान ले जाने की थी योजना; 18.95 लाख की संपत्ति बरामद।
पुलिस के अनुसार, कोमाखान थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोमाखान रेलवे स्टेशन के पास तीन व्यक्ति गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सुनील मेहेर (37), निवासी कालाहांडी, ओडिशा, गौतम माखीजा (24) निवासी कोटा, राजस्थान और अर्जुन सरकार (20) निवासी कोटा, राजस्थान बताया। पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 37.400 किलो गांजा बरामद किया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
भवानीपटना से कोटा ले जाने की थी योजना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे गांजा भवानीपटना, ओडिशा से लेकर कोटा, राजस्थान जा रहे थे। वहां गांजा बेचने की योजना थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
थाना कोमाखान में अपराध क्रमांक 130/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
18.95 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37.400 किलोग्राम गांजा, कीमत 18.70 लाख रुपये, तथा तीन मोबाइल फोन, कीमत करीब 25 हजार रुपये जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत 18 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में कार्रवाई लगातार जारी है।


