महासमुंद(जीतयादव)। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के महासमुंद प्रवास के दौरान जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उनसे मुलाकात की। इस दौरान वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण के लिए चयनित पैरा खिलाड़ी लक्की यादव को उप मुख्यमंत्री ने बधाई देते हुए सम्मानित किया।
उप मुख्यमंत्री ने पैरा खिलाड़ियों की समावेशी खेल अकादमी की मांग पर दिया आश्वासन, तीरंदाजी खिलाड़ियों को खेल किट भी बांटे।
कार्यक्रम में जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ महासमुंद के अध्यक्ष निरंजन साहू तथा पैरा खिलाड़ी लक्की यादव और राजीव पांडे उपस्थित रहे। संघ की ओर से दिव्यांग खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समावेशी खेल अकादमी शुरू करने की मांग को लेकर मंत्री को मांग पत्र सौंपा गया।
मांग पत्र में आवासीय एवं गैर-आवासीय खेल अकादमी के माध्यम से खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, पौष्टिक आहार, प्रशिक्षण और आवश्यक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने का सुझाव रखा गया। इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मांग पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
तीरंदाजी खिलाड़ियों से मिले अरुण साव
इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद द्वारा संचालित खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग के खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल किट वितरित कर आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, एकलव्य विद्यालय भोरिंग के प्राचार्य महेंद्र टंडन, एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, व्यायाम शिक्षक नीलम साहू सहित जिला अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।


