महासमुंद(जीतयादव)। सड़क सुरक्षा को लेकर महासमुंद यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बेमचा में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने छात्र-छात्राओं को सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए जरूरी नियमों की जानकारी दी और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया।
हेलमेट, सीट बेल्ट और नियंत्रित रफ्तार का दिया संदेश, बेमचा स्कूल में नाबालिगों को वाहन न चलाने की समझाइश।
पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाया कि सड़क पर थोड़ी-सी लापरवाही और जल्दबाजी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाना और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की विशेष समझाइश दी गई। पुलिस ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि “नजर हटी, दुर्घटना घटी”, इसलिए वाहन चलाते समय पूरा ध्यान सड़क पर होना चाहिए।
इसके साथ ही नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियम केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी के साथ अपनाए जाने चाहिए।
बेमचा स्कूल में विद्यार्थियों को यातायात जागरूकता संबंधी पाम्पलेट भी वितरित किए गए। पुलिस ने उनसे अपील की कि वे सड़क सुरक्षा का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने महासमुंद यातायात पुलिस के इस जागरूकता अभियान की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।महासमुंद पुलिस ने बेमचा स्कूल में आमजन से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित रहें, यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी जागरूक करें। सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


