बसना(जीतयादव)। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर पीएम श्री सेजेस बसना में विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की अनूठी मिसाल पेश की। विद्यालय की कक्षा पांचवीं सहित अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने हाथों से सुंदर राखियां तैयार कर देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सेना के जवानों के लिए भेजीं। राखियों के साथ बच्चों ने सैनिकों के लिए शुभकामना और सम्मान से भरे संदेश भी लिखे।
सेजेस बसना के कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने हाथों से तैयार की आकर्षक राखियां, वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता जताई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रक्षा बंधन के सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व के साथ ही भारतीय सैनिकों के शौर्य, त्याग और समर्पण के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक रंग-बिरंगी राखियां बनाईं और कहा कि देश की रक्षा में दिन-रात तैनात जवान हमारे सच्चे रक्षक हैं। उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए राखी भेजना उनके लिए गर्व की बात है।
इस पहल में लक्षिका पिंजारा, लिलिमा साव, भास्कर बन्धोर, ओम जयसवाल, ग्रेस दीप, प्रगति प्रधान, आकृति बारमते, कंचन दास, गायत्री पाण्डे, प्रज्ञा पाल, रेणुका यादव, डालेश्वर साव, सौर्य सोनी, रोहन साव, लक्ष्य बन्जारा सहित कई विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कक्षा तीसरी से ओजस्वी बढ़ाई व आहाना प्रधान तथा कक्षा आठवीं से तान्या साहू, लवली पटेल और हेमा पटेल ने भी राखियां तैयार कीं।
पीएम श्री सेजेस बसना के प्राचार्य सुश्री गिरिजा साहू ने बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करते हैं। प्रधान पाठक एच.आर. साव ने कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम प्रभारी योगेश कुमार बढ़ाई ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना है। अंत में विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सैनिकों का सम्मान करने का संकल्प लिया।


