महासमुंद(जीतयादव)। पावन श्रावण मास के अवसर पर महासमुंद स्थित विशाल मेगा मार्ट परिसर में आयोजित एक माह तक चलने वाले महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम में बुधवार रात छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
श्रावण मास में विशाल मेगा मार्ट परिसर महासमुंद में आयोजित एक माह के धार्मिक अनुष्ठान में भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रावण मास के दौरान आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। वैदिक मंत्रों की गूंज, शिव भजनों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की आराधना की।
डॉ. रमन सिंह ने पूजा-अर्चना के दौरान भगवान शिव से प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष समय है और ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा अपने परिवार सहित कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उनके अलावा जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी महारुद्राभिषेक एवं हवन-पूजन में भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
आयोजन समिति के अनुसार श्रावण मास के दौरान यह धार्मिक अनुष्ठान पूरे एक माह तक नियमित रूप से जारी रहेगा, जिसमें प्रतिदिन श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और हवन-पूजन कर रहे हैं।


