रायपुर(जीतयादव)। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ देशभर में युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से वर्चुअल शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रायपुर स्थित लोक भवन में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।
राज्यपाल रमेन डेका के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए जनप्रतिनिधि, युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प।
कार्यक्रम में राज्यपाल श्री रमेन डेका के साथ प्रदेश के जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इस दौरान युवाओं ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि इसका असर परिवार और पूरे समाज पर भी पड़ता है। युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें शिक्षा, कौशल विकास, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की जरूरत है। स्वस्थ और जागरूक युवा ही देश के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह अभियान युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ उनके परिवार और समाज को भी इस मुहिम से जोड़ना है।
कार्यक्रम में विश्वास जताया गया कि जनभागीदारी और युवाओं के मजबूत संकल्प से नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की जा सकती है। साथ ही युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया गया।


