बसना(जीतयादव)। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच सांकरा द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान के तहत शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला सांकरा परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विद्यालय की छात्राओं के साथ मिलकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सांकरा में वृक्षारोपण अभियान के तहत विद्यार्थियों ने लगाए पौधे, पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का दिया संदेश।
कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के अध्यक्ष शुभम सिंघल, सचिव सोनू गोयल सहित सदस्य पंकज अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, अशोक अग्रवाल एवं आशीष अग्रवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय की ओर से प्रभारी प्रधान पाठक श्रीमती खेमलता प्रधान एवं शिक्षिका श्रीमती पुष्पलता शुक्ला ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर बच्चों को पौधों और पेड़ों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। मंच के पदाधिकारियों एवं शिक्षिकाओं ने छात्राओं को बताया कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्वच्छ हवा और बेहतर भविष्य के लिए भी बेहद जरूरी हैं। छात्राओं को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें सुरक्षित रखते हुए बड़ा करने का संकल्प भी दिलाया गया।
मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। विद्यालय परिवार ने इस पर्यावरण हितैषी पहल की सराहना करते हुए मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।


