बसना(जीतयादव)। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला पथरला, विकासखंड पिथौरा के तीन होनहार विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित प्रयास आवासीय विद्यालय के लिए हुआ है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ ग्राम पथरला और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
पथरला स्कूल के निक्की साहू, दिव्यांशु सांडे और अभिषेक बारीहा का बिलासपुर व दुर्ग के प्रयास विद्यालयों में चयन।
चयनित विद्यार्थियों में निक्की साहू का चयन प्रयास विद्यालय बिलासपुर, दिव्यांशु सांडे का चयन प्रयास विद्यालय दुर्ग तथा अभिषेक बारीहा का चयन प्रयास विद्यालय बिलासपुर के लिए हुआ है।

विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय के पूर्व प्रधान पाठक विनोद कुमार बारीहा के मार्गदर्शन तथा विद्यालय के समस्त शिक्षकों के निरंतर सहयोग को भी इस उपलब्धि का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
टीकेश्वर प्रधान ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले भी शासकीय उच्च प्राथमिक शाला पथरला के दो विद्यार्थियों का चयन प्रयास विद्यालय बिलासपुर के लिए हो चुका है। लगातार विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षकों की मेहनत को नई पहचान मिली है।
विद्यालय परिवार ने तीनों चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि विद्यार्थी आगे भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपने परिवार, विद्यालय, ग्राम पथरला और महासमुंद जिले का नाम रोशन करेंगे।


