बसना(जीतयादव)। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ग्राम बल्डीडीह के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और उनके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
बल्डीडीह के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर हुए हादसे में दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे; गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, संकरा-जोंक नदी के पहले बल्डीडीह मोड़ के समीप ग्राम डोंगरीपाली, पिथौरा निवासी देवनाथ पटेल (20) पिता परदेशी पटेल अपनी मोटरसाइकिल से संकरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से ग्राम परसवानी निवासी विनोद कुमार निषाद (21) पिता जीत कुमार निषाद अपनी मोटरसाइकिल से बल्डीडीह की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद देवनाथ पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार निषाद को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया।
बल्डीडीह में घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ग्राम डोंगरीपाली सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।


