बसना(जीतयादव)। समग्र शिक्षा अंतर्गत विकासखंड स्रोत केंद्र (बीआरसीसी) बसना द्वारा कार्यालय जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), महासमुंद के निर्देशानुसार कक्षा सातवीं की नवीन पाठ्यपुस्तकों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शिक्षकों के ऑनलाइन वर्चुअल प्रशिक्षण की तैयारी के लिए विकासखंड स्तरीय आवश्यक बैठक का आयोजन बीआरसीसी कार्यालय, बसना में किया गया।
बसना में ऑनलाइन शिक्षक प्रशिक्षण की तैयारियों पर हुई चर्चा, गतिविधि आधारित शिक्षण को प्रभावी बनाने पर दिया गया जोर।
बैठक में विकासखंड के चयनित डीआरजी (District Resource Group) एवं बीआरजी (Block Resource Group) सदस्यों ने भाग लेते हुए नई पाठ्यपुस्तकों की विषयवस्तु, प्रशिक्षण की रूपरेखा, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही आगामी ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिम्मेदारियों का भी निर्धारण किया गया।
इस अवसर पर विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक अनिल सिंह साव ने कहा कि नई पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से विद्यार्थियों को गतिविधि आधारित, रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रशिक्षकों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों का प्रभावी मार्गदर्शन करें और नई पुस्तकों की शिक्षण पद्धति को विद्यालय स्तर तक सफलतापूर्वक पहुंचाएं।
जिज्ञासा विषय के डीआरजी प्रेमचंद साव ने कहा कि नई पाठ्यपुस्तक विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समस्या-समाधान क्षमता तथा रचनात्मकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके लिए शिक्षकों का प्रभावी प्रशिक्षण आवश्यक है, ताकि वे गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचा सकें।
वहीं संस्कृत विषय के डीआरजी हेमंत दास ने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान और नैतिक मूल्यों की संवाहक भाषा है। नई पाठ्यपुस्तक के सफल अध्यापन के लिए शिक्षकों का प्रशिक्षण जरूरी है, जिससे वे विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि विकसित कर सकें।
बैठक में विज्ञान विषय के डीआरजी प्रेमचंद साव, हिंदी विषय के डीआरजी हेमंत दास सहित बीआरजी सदस्य ज्योति कुमार पटेल, शंकर सिदार, राजेश साहू, उत्तरा चौधरी, रामनाथ साव, गिरीश पाढ़ी, श्यामलाल सिदार, टिकेलाल सामल, दिनेश बहादुर पटेल, आशीष साव, शिवचरण सामल, राजू साहू एवं जगमोहन साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


