महासमुंद(जीतयादव)। थाना बागबाहरा पुलिस ने जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम घुचापाली स्थित चंडी मंदिर के पीछे पहाड़ी जंगल में संचालित अवैध जुआ अड्डे पर देर रात दबिश दी। पुलिस ने मौके से 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर चार आरोपी फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3.60 लाख रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन, दो कार, चार मोटरसाइकिल, एक स्कूटी तथा जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री सहित 20.35 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
जुआ अड्डे से 20.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त, 3.60 लाख नकद, दो कार और पांच दोपहिया वाहन बरामद।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंडी मंदिर के पीछे पहाड़ी जंगल में कुछ लोग 52 पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर ‘काट-पत्ती’ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रात में घेराबंदी कर मौके पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भाग निकले, जबकि प्रेमलाल पटेल, सतीश चंद्राकर, विनय सिंह राजपूत, ललित कुमार निषाद, रामाकांत शुक्ला, यशवंत साहू, रामलाल निषाद, किशन कोसरिया, शंभूलाल यादव, कादिर खान, केशव देवांगन और खेमराज उर्फ राजू जैन को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
मौके से पुलिस ने 3,60,100 रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन, दो कार, चार मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, 52 पत्ती ताश के नौ बंडल, दरी और सीएफएल बल्ब जब्त किया। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 20,35,100 रुपये आंका गया है। फरार आरोपियों योगेश साहू, सदानंद चंद्राकर, हरदेव चंद्राकर और ललित पटेल की तलाश जारी है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 124/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर यह चौथी जुआ रेड कार्रवाई है। इस दौरान अब तक 26 जुआरियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि चार मामलों में 3.75 लाख रुपये से अधिक नकद सहित कुल 34.21 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


