बसना(जीतयादव)। बसना पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पठियापाली के तालाब की मेड़ पर संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर आठ जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹8,050 नगद, 52 पत्ती ताश और चार मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य ₹88,050 आंका गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पठियापाली में तालाब की मेड़ पर चल रहे काट-पत्ती जुआ का भंडाफोड़, नगदी, चार मोटरसाइकिलें और ताश की गड्डी बरामद।
पुलिस के अनुसार 12 जुलाई 2026 को टाउन एवं देहात पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पठियापाली के तालाब की मेड़ पर महुआ पेड़ के नीचे कुछ लोग 52 पत्ती ताश से हार-जीत की बाजी लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद बसना पुलिस ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुरुषोत्तम जगत, अंतर्यामी भोई, ललित दास, हिरादास मानिकपुरी, संतोष दास, राजकुमार सुरलिया, धनेश नाग और अजय साव को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
पुलिस ने पठियापाली में जुआ फड़ से ₹8,050 नकद, 52 पत्ती ताश, तथा चार पुरानी मोटरसाइकिलें (एक प्लेटिना, एक सुपर स्प्लेंडर और दो टीवीएस एक्सएल) जब्त कीं। जब्त वाहनों की अनुमानित कीमत ₹80,000 बताई गई है। इस प्रकार कुल जब्त संपत्ति का मूल्य ₹88,050 आंका गया है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना बसना में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


