बसना(जीतयादव)।सांकरा थाना पुलिस ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम ढाबाखार के पास एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
13 लीटर महुआ शराब जब्त होने पर आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा गया जेल।
जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए महासमुंद पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, थाना सांकरा की टीम ने ग्राम ढाबाखार से नानकुसियाडीपा-सावित्रीपुर मार्ग पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान खिरमनी रात्रे (38 वर्ष), निवासी नानकुसियादीपा सावित्रीपुर, थाना सांकरा, जिला महासमुंद को अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 13 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,600 रुपये बताई गई। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


