रायगढ़। महिला एवं विशेष वर्ग के विरुद्ध अपराधों पर सख्ती बरतते हुए घरघोड़ा पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और धमकी के गंभीर मामले में एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने तथा विरोध करने पर धमकी देने का आरोप है।
दुष्कर्म,अपहरण और धमकी के मामले में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय पीड़िता ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान ग्राम पुसल्दा निवासी ललित लोहार उर्फ ललित अगरिया से हुई थी। आरोपी ने प्रेम और विवाह का झांसा देकर उसका विश्वास जीता और बाद में कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे लगातार डराता-धमकाता था और घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था।
शिकायत में यह भी बताया गया कि मई माह में आरोपी युवती को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर रायगढ़ ले गया, जहां कुछ दिनों तक अपने कब्जे में रखा। इसके बाद उसे ओडिशा स्थित रिश्तेदारों के घर ले जाकर पत्नी के रूप में परिचय कराया। इस दौरान भी युवती के साथ दुष्कर्म गया।
किसी तरह परिजनों को सूचना मिलने पर युवती को वापस घर लाया गया। घर लौटने के बाद भी आरोपी द्वारा लगातार धमकी दिए जाने पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने बीएनएस एवं एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


