रायगढ़। तमनार-पूंजीपथरा मार्ग पर जली हुई अवस्था में मिली महिला की लाश के मामले में रायगढ़ पुलिस ने 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने तकनीकी, वैज्ञानिक और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से इस जघन्य हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई।
पहचान छिपाने महिला के शव को पेट्रोल डालकर जलाया, रायगढ़ पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
जानकारी के अनुसार 17 जून को तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर एक महिला का जला हुआ शव मिला था। शव के आसपास घसीटने के निशान भी पाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतिका की पहचान कराने का प्रयास किया। जांच के दौरान मृतिका की पहचान मंगरिता एक्का (60 वर्ष), निवासी जशपुर के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतिका पिछले कुछ महीनों से इमिलीयूस तिग्गा के साथ पूंजीपथरा क्षेत्र में रह रही थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन अक्सर विवाद होता रहता था। 17 जून को विवाद बढ़ने पर आरोपी ने महिला की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में छिपाकर पेट्रोल डालकर जला दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पेट्रोल की बोतल, माचिस और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


