रायगढ़। नाबालिग बालिका के आपत्तिजनक फोटो और Instagram या पर साझा करने के मामले में रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को पकड़ लिया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती कर बालिका के निजी फोटो और वीडियो विभिन्न चैट ग्रुपों में साझा किए थे।
साइबर थाना रायगढ़ की कार्रवाई, Instagram पर फोटो-वीडियो साझा करने वाला किशोर न्यायालय में किया गया प्रस्तुत।
मामले की शिकायत 19 मई 2026 को साइबर थाना रायगढ़ में दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी नाबालिग पुत्री के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अज्ञात व्यक्ति द्वारा Instagram पर प्रसारित किए जा रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने तकनीकी जांच के जरिए संबंधित Instagram अकाउंट की पहचान की। जांच में पता चला कि अकाउंट एक 17 वर्षीय बाल अपचारी द्वारा संचालित किया जा रहा था।
पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर बाल अपचारी ने नाबालिग बालिका से Instagram पर दोस्ती करना और उसके फोटो-वीडियो विभिन्न चैट ग्रुपों में साझा करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिया।
पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई करते हुए बाल अपचारी को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों की निजता और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


