पिरदा(जीतयादव)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शासकीय उच्च प्राथमिक शाला सांई सराईपाली में उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने सामूहिक रूप से योगासन और प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में योग के प्रति जागरूकता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सांई सराईपाली में ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास।
कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्रधान पाठक श्री लोकेश्वर वर्गे, शिक्षिका श्रीमति जलेश्वरी धृतलहरे, शिक्षिक श्री दिलीप कुमार पटेल, शिक्षिक श्री लोमश कुमार पुहुप एवं शिक्षिक श्री विरेन्द्र कुमार चौधरी के मार्गदर्शन में किया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग के महत्व, नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रखी गई है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बताया गया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा एकाग्रता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
सांई सराईपाली स्कूल में कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही प्राणायाम एवं ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने का संदेश दिया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग करने और अपने परिवार के सदस्यों को भी योग के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।


