बसना(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की है।
अवैध महुआ शराब विशेष अभियान के तहत बेलडीही निवासी आरोपी पकड़ा गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स तथा थाना एवं चौकी स्तर पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बसना पुलिस को अवैध शराब के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विष्णु सिदार को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक सफेद रंग की 20 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक जरीकेन में भरी हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर शराब को जब्त कर लिया।
जब्त की गई 20 लीटर महुआ शराब की अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना बसना में अपराध क्रमांक 310/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु सिदार (50 वर्ष), निवासी ग्राम बेलडीही, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।



