बसना। सेवा संकल्प अभियान के तहत भूकेल स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बसना विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया गया। इस दौरान हितग्राहियों को आबादी पट्टा, पीएम आवास की चाबी और मनरेगा जॉब कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया।
भूकेल में 26 ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ, पीएम आवास की चाबी से लेकर आबादी पट्टा और जॉब कार्ड किए गए वितरित।
शिविर में बड़े टेमरी, बरबसपुर, छुईपाली, जोगीपाली समेत 26 ग्राम पंचायतों से ग्रामीण पहुंचे। उनकी समस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 622 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 220 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष 402 आवेदनों को संबंधित विभागों को समय-सीमा में कार्रवाई के लिए भेजा गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महासमुंद सांसद एवं भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और योजनाओं का लाभ गांव की चौखट तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और मुख्यमंत्री के ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को पूरा करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर भूकेल में सांसद एवं अन्य अतिथियों ने हितग्राहियों को नवनिर्मित पीएम आवास की चाबियां, किसान किताब, आबादी पट्टा और मनरेगा जॉब कार्ड वितरित किए। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, चश्मे, फलदार पौधे और सुपोषण किट भी प्रदान किए गए।
एसडीएम हरिशंकर पैकरा ने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना और उन्हें पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष डिगेश्वरी निराला, उपाध्यक्ष मोहित पटेल, जनपद सीईओ पीयूष सिंह ठाकुर, तहसीलदार नितिन ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


