बसना। सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ की योजना के अनुसार सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बसना में 3 से 5 अक्टूबर 2026 तक प्रांतीय विज्ञान मेले का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय आयोजन में छत्तीसगढ़ प्रांत के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों के विद्यार्थी विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, जिज्ञासा, प्रयोगशीलता और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
सात विभागों के सरस्वती शिशु मंदिरों से पहुंचेंगे विद्यार्थी बसना, विज्ञान प्रश्नमंच, प्रदर्श और प्रयोग में दिखाएंगे हुनर।
विज्ञान मेले में विद्यार्थियों के लिए विज्ञान प्रश्नमंच, विज्ञान प्रदर्श एवं विज्ञान प्रयोग सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें दुर्ग, कोरबा, राजनांदगांव, रायगढ़, सरगुजा, रायपुर एवं राजिम विभाग के विभिन्न सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों से लगभग 400 भैया-बहनों के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनकी जिज्ञासा, नवाचार और प्रयोग करने की क्षमता को प्रोत्साहित करना है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विज्ञान से जुड़े विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिलेगा।
विद्या भारती के अनुसार बच्चों के शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक विकास के साथ उन्हें भविष्य के जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
कार्यक्रम के तहत 3 अक्टूबर को प्रतिभागियों का आगमन, 4 अक्टूबर को विभिन्न विज्ञान विधाओं की प्रतियोगिताएं एवं गतिविधियां तथा 5 अक्टूबर को समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। यह प्रांतीय विज्ञान मेला सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ की उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता साहू के संरक्षण में संपन्न होगा। आयोजन को लेकर विद्यालय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।


