बसना। विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि देश के लाखों युवा और छात्र निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की उम्मीद रखते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से उनका विश्वास कमजोर हो रहा है।
पेपर लीक मामलों में जवाबदेही पर उठाए सवाल, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग।
मोक्ष कुमार प्रधान ने जारी बयान में कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर देती हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा अपना समय, संसाधन और ऊर्जा लगाते हैं, ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया पर उठ रहे सवाल गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता लगातार प्रभावित हो रही है तो इसकी जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।

उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही कहा कि केंद्र सरकार को मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि युवाओं का भरोसा कायम रह सके।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके सपनों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार का दायित्व है कि भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जाए, जिससे मेहनती विद्यार्थियों को न्याय मिल सके।
उन्होंने मांग की कि पेपर लीक से जुड़े मामलों की समयबद्ध जांच कर दोषियों को सख्त सजा दी जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत बनाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील भी की।


