पिथौरा(जीतयादव)। पिथौरा तहसील अंतर्गत ग्राम पाटनदादर के ग्रामीणों ने गांव के कोटवार भागीरथी चौहान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए छत्तीसगढ़ शासन के गृहमंत्री को ज्ञापन सौंपकर उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोटवार के व्यवहार से गांव का माहौल लगातार प्रभावित हो रहा है और लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
पाटनदादर के कोटवार पर शराब पीकर गाली-गलौज, धमकी और झूठे आरोप लगाने का दावा।
ग्रामीणों द्वारा 8 जून 2026 को सौंपे गए ज्ञापन में कोटवार पर शराब पीकर गाली-गलौज करने, गांव के लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने तथा जातिगत विवाद पैदा करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पाटनदादर के ग्रामीणों का कहना है कि कोटवार अक्सर गांव के प्रमुख लोगों और अन्य ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार करता है, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बनती है।
गांववासियों ने ज्ञापन में मांग की है कि गांव की शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए कोटवार को स्थायी रूप से बर्खास्त कर नए कोटवार की नियुक्ति की जाए। ग्रामीणों ने यह भी आशंका जताई है कि उनके खिलाफ भविष्य में किसी प्रकार की झूठी शिकायत या रिपोर्ट दर्ज कराई जा सकती है।
ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी सांकरा, संबंधित जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न अधिकारियों को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने गृहमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर उचित जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।



