पिथौरा(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वप्नदृष्टा और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. खूबचंद बघेल की 126वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी जिला महासमुंद की संयुक्त जिला बैठक पिथौरा नगर के लहरौद पड़ाव में आयोजित की गई। बैठक में जिले के सरायपाली, बसना, पिथौरा और महासमुंद विधानसभा क्षेत्र से संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य शामिल हुए।
पिथौरा में क्रांति सेना विचार गोष्ठी में छत्तीसगढ़िया समाज को संगठन से जोड़ने सहित विभिन्न विषयों पर बनी कार्ययोजना।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन की परंपरा के अनुसार सिरहा, बैगा, पंडा एवं पुजारियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी, प्रकृति देव और भगवान बुढ़ादेव की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इसके बाद डॉ. नरेंद्र देव वर्मा द्वारा रचित छत्तीसगढ़ के राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ के सामूहिक गायन के साथ विचार गोष्ठी का शुभारंभ हुआ।
बैठक में रायपुर के बूढ़ा तालाब में बुढ़ादेव की कांस्य प्रतिमा एवं सल्ला-गागरा निर्माण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा संगठन के प्रदेश प्रमुखों से मुलाकात करने और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर कार्ययोजना तैयार करने पर विचार किया गया।
वहीं, आगामी 16 अगस्त को भिलाई में आयोजित होने वाली पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रमुख पर्व ‘जबर हरेली रैली’ में महासमुंद जिले की भागीदारी को लेकर भी चर्चा हुई। जिले के सभी ब्लॉकों से अधिक से अधिक संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य रैली में शामिल हों, इसके लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष शुभसिंह जगत, जिलाध्यक्ष सदानंद सिन्हा (वर्चुअल माध्यम से), गोकुल पारेश्वर, भोलाराम लाउत्रे, श्रीमती मीरा पटेल, क्षेत्रोलाल सिदार, जयपाल बघेल, बाबूलाल दीवान, राजकुमार पटेल, राजेंद्र सिंह गुरूजी, कैलाश सिदार, बिश्वर सिदार, अनिल यादव, प्रेमसिंह जगत, श्याम कुमार नेताम, सरपंच उमाशंकर बरिहा, विजय नेताम, कीर्तन सिदार, बृजबिहारी ठाकुर सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।


