पिथौरा(जीतयादव)। पिथौरा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच अब चोरों ने सरकारी कार्यालय को भी अपना निशाना बना लिया है। जनपद पंचायत पिथौरा परिसर स्थित सीजीस्वान (CGSWAN) बीएमसी सर्वर रूम में अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए यूपीएस, छह बैटरियां और जनरेटर की बैटरी चोरी कर ली। इस घटना से सरकारी परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जनपद पंचायत पिथौरा के सर्वर रूम में यूपीएस, छह बैटरियां और जनरेटर की बैटरी चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वर रूम में स्थापित डेल्टा कंपनी का एक यूपीएस और उससे जुड़ी छह बैटरियां चोरी हो गईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा परिसर में लगे महिंद्रा डीजी जनरेटर से एक्साइड कंपनी की बैटरी भी चोर ले उड़े, जिसकी कीमत लगभग 3 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह कुल 83 हजार रुपये की सरकारी संपत्ति चोरी होने का मामला सामने आया है।
घटना की जानकारी मिलते ही जनपद पंचायत पिथौरा के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने थाना पिथौरा में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। मामले की सूचना कलेक्टर महासमुंद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी रायपुर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), ई-डिस्ट्रिक्ट महासमुंद तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पिथौरा को भी भेजी गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सरकारी परिसर में हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने भी लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


