पिथौरा(जीतयादव)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गिरना (विक्रमनगर पारा) से 25 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
ग्राम गिरना (विक्रमनगर पारा) में पुलिस की रेड, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा गया जेल।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम गिरना के नाले के पास एक व्यक्ति महुआ शराब बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। तलाशी के दौरान हेमसागर बरिहा (37 वर्ष), पिता प्रताप बरिहा, निवासी विक्रमनगर पारा, गिरना के कब्जे से प्लास्टिक की झिल्ली में रखी 25 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 5,000 रुपये है, बरामद की गई।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। अभियान की शुरुआत से अब तक 10,334.065 लीटर अवैध शराब (अनुमानित मूल्य 28.28 लाख रुपये) जब्त की जा चुकी है। वहीं 753 प्रकरणों में 851 लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


