रायगढ़। पुसौर पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई सामग्री भी बरामद कर ली है। शॉ मिल से मशीनरी पार्ट्स चोरी होने के बाद व्यवसायी परेशान था, लेकिन पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच ने महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया।
CCTV की मदद से पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 14 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई पुल्ली बरामद की।
जानकारी के अनुसार ग्राम चिखली निवासी पितबासो साव द्वारा संचालित बजरंग शॉ मिल में मशीनों के लिए खरीदी गई दो नई पुल्ली मशीन के पास सुरक्षित रखी गई थीं। जब 26 मई को इन्हें मशीन में लगाने के लिए देखा गया तो दोनों पुल्ली गायब मिलीं। इसके बाद थाना पुसौर में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैंस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। प्रार्थी और गवाहों से पूछताछ के साथ-साथ शॉ मिल परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए।जांच के दौरान फुटेज में एक व्यक्ति पुल्ली को उठाकर दीवार के पार ले जाता दिखाई दिया। पहचान के आधार पर पुलिस ने शहनू सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई दोनों पुल्ली बरामद कर ली गईं, जिनकी कीमत लगभग 14 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर प्रकरण में साक्ष्य के रूप में शामिल किया है। पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी शहनू सिदार (35 वर्ष) निवासी ग्राम चिखली, थाना पुसौर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के उपयोग से अपराधियों तक शीघ्र पहुंच बनाई जा रही है। इस मामले में भी CCTV फुटेज ने जांच को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



