रायगढ़। खरसिया पुलिस ने लूट की एक वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम का शेष हिस्सा और घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
35 हजार रुपये की लूट के मामले में त्वरित कार्रवाई, आरोपियों से नगद राशि और मोबाइल फोन बरामद।
मिली जानकारी के अनुसार, संजय सिंह सिदार निवासी ग्राम सिंघरा, जिला सक्ती ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 29 मई को शादी का कार्ड लेने और एटीएम से पैसे निकालने खरसिया आया था। एचडीएफसी बैंक के एटीएम से 35 हजार रुपये निकालने के बाद वह शराब भट्टी पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात छोटू उर्फ विक्की उर्फ विकेश्वर चौहान से हुई।
आरोपी ने उसे साथ चलने के लिए कहा और बंधवा तालाब के पास पीपल पेड़ के निकट ले गया, जहां उसके दो साथी पहले से मौजूद थे। तीनों आरोपियों ने मिलकर युवक को जान से मारने की धमकी दी और उसके पास रखे 35 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि लूटी गई राशि में से अधिकांश रकम आरोपियों ने खर्च कर दी थी। उनके कब्जे से 2,500 रुपये नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।इस कार्रवाई में चौकी खरसिया की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



